शादी-ब्याह के बंधन में अब झूठ-फरेब व भौकाली व्यवस्था खतरनाक साबित होने लगी है. ऐसी ही एक खबर उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से सुर्खियों में है, जहां बिचारे बरातियों को भी रातभर बंधक बनना पड़ा….
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जौनपुर जिले के केराकत कोतवाली क्षेत्र के नाऊपुर में दिव्यांग दूल्हे को देख दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया। काफी मान-मनौव्वल पर भी बात नहीं बनी तो घरातियों ने दूल्हा समेत बरात को बंधक बना लिया। घंटों पंचायत के बाद विवाह की तैयारियों पर हुए खर्च की अदायगी के बाद बरात वापस लौटी। नाऊपुर निवासी एक युवती की शादी बिहार के सासाराम में तय हुई थी। शुक्रवार रात दूल्हा बरात लेकर नाऊपुर पहुंचा। द्वारचार के बाद शादी का वक़्त आया तो लड़के को दूसरे के सहारे आता देख कन्या पक्ष वालों को शक हुआ। छानबीन की तो पता चला कि दूल्हा विकलांग है। इसकी जानकारी होते ही दुल्हन ने शादी से मना कर दिया। मामला बिगड़ता देख घरातियों ने बरातियों को बंधक बना लिया। पूरी रात पंचायत चलती रही। सुबह होने पर आसपास के गांव के लोगों की उपस्थिति में शादी की तैयारी में हुए खर्च की अदायगी के बाद बरात वापस ले जाने पर सहमति बनी। पुलिस ने घटना की जानकारी से इंकार किया है।



