प्रयागराज में चार साल की कोरोना पॉजिटिव बच्ची को सोमवार को लेवल वन कोविड अस्पताल कोटवा में भर्ती कराया गया। उसकी देखभाल के लिए उसकी मां को भी अस्पताल में ही रहने की इजाजत दी गई है। डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि बच्ची 16 मई को परिवार के साथ मुंबई से आई थी। उसके परिवार के सभी सदस्यों की रिपोर्ट निगेटिव आई थी इसलिए बच्ची की दोबारा जांच हुई तो उसमें भी वह पाजिटिव आई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कोरोना संक्रमित तीन मरीज सोमवार को कोटवा व एसआरएन से डिस्चार्ज होकर घर भेज दिए गए। इन तीनों की रिपोर्ट निगेटिव आई थी, जबकि कोरोना के चार नए पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इसमें तीन मरीज तो मुंबई से लौटकर आए थे। एक मरीज शहर के ही रहने वाले हैं, जो एसआरएन के एक डॉक्टर के ससुर भी हैं। यह पटेल नगर मीरापुर के रहने वाले हैं। एक मरीज मऊआइमा के जोगीपुर, दूसरा प्रतापपुर व तीसरा मरीज मऊआइमा के जमखुरी गांव का है। कोरोना वायरस के नोडल अधिकारी डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि जनपद में सोमवार को चार नए मरीज मिलने के बाद अब तक कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या 92 तक पहुंच चुकी है। सोमवार को 124 सैंपल लिए गए हैं और 283 की रिपोर्ट निगेटिव आई है।



