उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिला अंतर्गत नेवरहां गांव में बुधवार की आधी रात एक बुजुर्ग को लाठी व राड से पीटकर दरिंदों ने मौत दे दी, जिसके बाद पुलिस ने सक्रियता से उक्त दरिंदों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना की खबर जहां लग रही है, वहां हर कोई असमंजस जताते हुए बोलने को मजबूर है ‘हाय रे विवाद’..✍️
गौरतलब है कि नाली के पानी निकासी के विवाद में पट्टीदारों ने लाठी व लोहे के राड से पीटकर बुजुर्ग को मार डाला। चीख-पुकार सुनकर बाहर आए मृतक के बेटे को भी बांधकर पीटा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बीच-बचाव करने पहुंची पुत्रवधू को भी हमलावरों ने पीटकर घायल कर दिया। पिता व दो पुत्रों सहित ग्राम प्रधान पति के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो आरोपितों को हिरासत में ले लिया है। राम आसरे पांडेय (65) व हरिश्चंद्र पांडेय के घर के बीच से कच्ची नाली बनी है। उसी नाली से राम आसरे के घर के पानी की निकासी होती है। आरोप है कि हरिश्चंद्र पांडेय आधी रात करीब डेढ़ बजे नाली बंद करने लगे। इस पर बाहर सोए राम आसरे पांडेय ने विरोध किया। आरोप है कि इसी को लेकर हरिश्चंद्र व उनके स्वजनों ने लाठी-डंडे व राड से राम आसरे को पीटकर मरणासन्न कर दिया। उनकी चीख-पुकार सुनकर घर में सोए पुत्र ओम प्रकाश पांडेय (36) बाहर निकले तो हमलावरों ने रस्सी से बांधकर उसे भी पीटकर घायल कर दिया। ओम प्रकाश पांडेय की भयोहू नंदिनी (28) बीच-बचाव करने आयी तो उसको भी जख्मी कर दिया। घायलों को सीएचसी ले जाया गया। हालत नाजुक देखते हुए रेफर किए जाने पर जिला अस्पताल ले जाते समय राम आसरे की रास्ते में ही मौत हो गई। सूचना पर थानाध्यक्ष मयफोर्स मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। सीओ बदलापुर राणा महेंद्र प्रताप सिंह भी घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने मृतक के स्वजनों व पास-पड़ोस के लोगों से घटना के बारे में पूछताछ की। ओम प्रकाश पांडेय की तहरीर पर हरिश्चंद्र पांडेय, उसके पुत्रों विपिन व पवन तथा ग्राम प्रधान पति दिलीप पांडेय के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। नामजद आरोपितों में से दो को पुलिस गिरफ्तार कर ली है। अन्य की तलाश की जा रही है।

