उत्तर प्रदेश के भदोही जनपद अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बस अड्डे पर गुरुवार को बमबारी की घटना हुई, जहां शाम को बाइक सवारों ने बम फेंका। इसके बाद फरार भी हो गए, जिसके बाद से हड़कंप मचा है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष मनीष यादव सहित तीन अन्य बमबारी में घायल हो गए, जिन्हें लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। आक्रोशित परिजनों ने बनारस-प्रयागराज हाईवे पर जाम लगा दिया। पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत कराया। गोपीगंज बाजार में बघेल छावनी और जोगीनका गांव के छात्रों के दो गुटों में बुधवार को किसी बात को लेकर चाकूबाजी हुई थी। दोनों पक्षों के बीच कोतवाली में पुलिस के सामने समझौता भी हो गया था। समझौता होने के कारण कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी घटना को लेकर जोगीनका के युवक देर शाम एक ही बाइक पर सवार होकर बस अड्डा पहुंच गए। बाइक सवार युवकों ने छात्र नेता मनीष यादव को निशाना बनाकर बारी-बारी से तीन बम फेंका। चारों ओर धुंआ-धुंआ हो गया। इसके बाद बाइक सवार हमलावर फरार भी हो गए। पुलिस के पूछताछ में घायल छात्र नेता ने जोगिनका गांव के मंजित सिंह और प्रशांत सिंह सहित अन्य पर बम से हमला करने का आरोप लगाया है। बताया कि वह दुकान पर बैठा था कि बुलट पर सवार आरोपितों ने हमला कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक थाना गोपीगंज क्षेत्र अंतर्गत दिनांक 24.06.2020 को कक्षा 11 में पढ़ने वाले दो बच्चे राज यादव व अनुपम सिंह जो आपस में दोस्त थे। किसी बात को लेकर आपस में झगड़ा कर लिए, जिन्हें थाना स्थानीय पर ले आया गया था। दोनों बच्चों के अभिभावक माफी मांग कर अपने बच्चों को घर ले गए थे। दिनांक 25.06.2020 को सायं में गोपीगंज बस अड्डे के पास अनुपम सिंह के गांव के मंजीत सिंह ने मनीष यादव के ऊपर सुतली बम से हमला कर दिया, जिसमें मनीष यादव एवं आदर्श गुप्ता को हल्की चोटें आई हैं। घटना के संबंध में थाना स्थानीय पर अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही की जा रही है। घायलों को इलाज हेतु अस्पताल भेजा गया है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।



