मुंबई उपनगर अंतर्गत मालाड-पश्चिम, मालवणी क्षेत्र के न्यू भाभरेकर नगर में ‘कोरोना संकट’ दुकानदार पर मंडरा गया, यहां एक दुकानदार और उसकी पत्नी कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। इसके बाद से यहां सैकड़ो खरीददार संक्रमण के भय से टेंशन में हैं।
गौरतलब है कि मालाड के न्यू भाभरेकर नगर लगभग 800 घरों की बस्ती है। इसी बस्ती में रहनेवाले पत्रकार सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि जो दुकानदार और उसकी पत्नी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं, वहीं से ज्यादातर निवासी घरेलू सामान खरीदते रहे हैं। अब वहां के निवासियों में से वे लोग काफी परेशान हैं, जिन्होंने उनकी दुकान से सामान खरीदा है। तिवारी की मानें तो माता-पिता को कोरोना संक्रमित होने की खबर के बाद से ही दुकान में उन दोनों का हाथ बंटानेवाला बेटा घर छोड़कर कहीं भाग गया है। ‘दोकासा’ में प्रकाशित खबर के मुताबिक मनपा पी-उत्तर विभाग द्वारा 12 मई को उन दोनों को क्वारंटाइन सेंटर ले जाया गया है। साथ ही दुकान को सील कर वहां लोगों को सावधान रहने का बैनर लगा दिया गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कोरोना के दो मरीज मिलने के बाद भी मनपा स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के द्वारा इस बस्ती में अभी तक एक बार भी दवा का छिड़काव नहीं किया गया है। इस बीच जिन-जिन लोगों ने उनकी दुकान से सामान खरीदा है, वे सभी डरे-सहमे अपने घरों में दुबके हुए हैं।



