पत्नी और बच्चों की हत्या के बाद चेतन ने सुबह 4:35 बजे डायल 112 पर फोन कर सूचना दी कि उसने सबको मार दिया है और अब वह भी जान देने जा रहा है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गौरतलब है कि काशी क्षेत्र वाराणसी के मुकीमकंज क्षेत्र के नचनी कुआं मोहल्ले में शुक्रवार सुबह दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। पंखा कारोबारी चेतन तुलस्यान (45) ने बेटे हर्ष (19), बेटी हिमांशी (17) और पत्नी ऋतु (42) को नींद की गोली खिला कर तीनों का गला दबा दिया। इसके बाद अपने दोनों हाथों पर टेप बांध उसने खुद फंदे से लटक कर जान दे दी।
मौके से 8 पन्ने का सुसाइड नोट और एफिडेविट बरामद हुआ है। सुसाइड नोट के अनुसार आंखों की कम होती रोशनी, आर्थिक तंगी सहित अन्य कारणों से परिवार ने जान दी है। चेतन ने अपने घर और दुकान को गोरखपुर निवासी साले को देने की बात लिखी है। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि मौके से मिले सुसाइड नोट और दवाएं आदि देख कर यह प्रतीत होता है कि पूरी तैयारी के साथ परिवार ने आपसी सहमति से जान दी है।


