मनपा क्षेत्र में ड्रेनेज लाइन डालने तथा आरसीसी सड़क निर्माण करने हेतु शहर की अधिकांश सड़कों की खोदाई करके उसे बिना भरे अथवा उसकी मरम्मत कराए बिना ठेकेदारों द्वारा जहां अधूरा काम कर छोड़ दिया गया है। वहीं पूर्व कई वर्षों से शहर के सड़कों की मरम्मत न कराए जाने के कारण सड़कों की दशा बहुत खराब हो गई है। सड़कों पर जगह-जगह खड्डे हैं, जिससे हजारों नौनिहाल परेशान हैं। फिर भी जनसमस्याओं पर मनपा के दरबान मौन बैठे हैं। गौरतलब है कि प्रभाग समिति क्रमांक ५ अंतर्गत कनेरी रोड पर ठेकेदार द्वारा लगभग तीन महीना पहले गटर बनाने के लिए सड़क की खोदाई की गई थी, जहां गटर का निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया है। एनजीओ एमपीजे के उपाध्यक्ष शमीम अंसारी ने बताया कि कनेरी रोड से समदिया हाईस्कूल ऐंड जूनियर कॉलेज, सीनियर कॉलेज,राबिया जूनियर कॉलेज,अब्दुल शकूर स्कूल,मौलाना आज़ाद कॉलेज एवं भिवंडी वीवर्स इंग्लिश स्कूल सहित अन्य स्कूलों में पढ़ने वाले लगभग 10 हजार छात्र-छात्राओं का इसी रोड से आवागमन होता है। जिसमें हजारों की संख्या में प्राइमरी स्कूलों में पढ़ने वाले छोटे-छोटे बच्चे भी जाते हैं। इसी प्रकार ठाणे रोड पर भी खोदाई करने के कारण वहां से आने जाने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी तरह ठाणे रोड पर रईस हाईस्कूल ऐंड जूनियर कॉलेज,जीएम मोमिन कॉलेज एवं केएमई स्कूल सहित कई अन्य स्कूल संचालित हैं, जिसमें लगभग 10 हजार बच्चे पढ़ते है। सड़क पर हुए गड्ढों के कारण स्कूली छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जो इनके लिए एक गंभीर समस्या बनी हुई है। एमपीजे के उपाध्यक्ष शमीम अंसारी ने बताया कि समदिया कॉलेज के प्रिंसिपल साजिद सिद्दीकी एवं उन्होंने स्वयं मनपा आयुक्त को ज्ञापन देकर सड़क मरम्मत की मांग की थी। लेकिन उनकी मांग पर कोई ध्यान नहीं दिया गया है, जिस कारण प्रतिदिन सड़क दुर्घटनाएं घटित हो रही हैं।
भिवंडी – हजारों नौनिहाल परेशान, मौन ‘मनपा’ दरबान…
