भदोही जनपद भदोही के औराई विकासखंड में आगामी पंचायत चुनाव को लेकर ग्राम पंचायतों में बड़ा ही खुशनुमा माहौल बना हुआ है. प्रधान पद के दावेदार एक दूसरे की आवभगत करने में लगे हुए हैं. वहीं मतदाता भी प्रधान पद के दावेदारों की आवभगत को देखकर मन ही मन सोच रहे हैं कि ‘पूरे 5 साल घर के दरवाजे पर कोई प्रधान नहीं आया हाल-चाल तक पूछने, विकास कार्य की तो बात ही छोड़िए. यह चुनाव ही है जो लोगों को आज घर से लेकर खेत तक मिलने पर मजबूर कर रहा है।
जानकारी के लिए आपको बताते चलें कि होने वाले आगामी त्रिस्तरीय ग्राम पंचायत के चुनाव को लेकर सरगर्मियां गांव में बहुत तेज हो गई हैं. अभी तक चुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं किया गया है लेकिन दावेदारों ने अभी से ही अपनी पूरी ताकत झोंक रखी है. गांव और चौराहे पर होर्डिंग नजर आती है तो गांव के नुक्कड़ों और चौपालों में बैठकें सजने लगी हैं. दावेदार मतदाताओं के सुख-दुख में भागीदार होकर जहां उनकी सेवा करने में जुटे हुए हैं, वहीं ग्रामीणों से अगर प्रधानी चुनाव को लेकर बात की जाए तो खुले शब्दों में कोई कुछ नहीं बोलता है. फिर भी अनौपचारिक तौर पर कई लोग बताते हैं कि कैसे प्रधानी के दावेदारों की गाड़ियां इन दिनों घर-घर दरवाजे दरवाजे तक दौड़ रही हैं. सीधे मुंह बात न करने वाले प्रधान प्रत्याशी लोगों के घर-घर जाकर दिक्कतें पूछ रहे हैं. प्रधानी के चुनाव को लेकर बैठकों का दौर भी चल रहा है. ब्लॉक और तहसील-गांव की हर चाय पान की गोमती और मिठाई की दुकानों पर चुनाव के ही चर्चे सुनने को मिल रहे हैं. गांव के बाहर समोसे की दुकानों पर प्रधानी चुनाव को लेकर ग्रामीणों की चर्चा जोर पकड़ने लगी है, वहीं आजकल प्रधान प्रत्याशी के वाहनों की टंकी भी बिल्कुल लबालब भरी रहती रहती है. प्रधान व प्रधान प्रत्याशी किसी को ना नहीं कहते हैं, अस्पताल से लेकर ब्लॉक मुख्यालय तक जिसको जहां जाना होता है, प्रधान प्रत्याशी तैयार रहते हैं. त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ग्राम पंचायत के साथ ही क्षेत्र पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्यों का भी चुनाव होना है. जिस वजह से चुनाव की सरगर्मियां तेज चल रही हैं. लेकिन वहीं मतदाता भी इन दावेदारों की चाल को समझकर ही इस पंचायत चुनाव में मतदान करना चाहते हैं. कई ग्राम पंचायतों के मतदाता इस बार अपने ग्राम पंचायत में परिवर्तन देखना चाहते हैं. उनका मानना है कि इस बार का ग्राम प्रधान ईमानदार और अपने ग्राम सभा के विकास को आगे बढ़ाने वाला होना चाहिए, जो बिना भेदभाव किए शासन की हर योजनाओं को पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास करें, जिससे गांव की विकास हो लेकिन असल में चुनाव की लड़ाई गांव के अंदर ही लड़ी जा रही है।

👉भदोही के इस गांव में, इन्हें मिल रहा जनसमर्थन, जानिए भावी ग्राम प्रधान कौन.?



