चंदौली का ‘बिंद गिरोह’ वाहन चोरी करके उससे मादक पदार्थ (गांजा) की तस्करी कई वर्षों से कर रहा था, जिसे यह नहीं पता था कि भदोही के रास्ते यह कारनामा ज्यादा दिन नहीं चलने वाला है. आखिरकार अब इस गिरोह को बेनकाब करके भदोही जनपद पुलिस ने सलाखों तक पहुंचा दिया है…
भदोही जनपद पुलिस के दिनांक 20/21.04.2023 की रात्रि में थाना औराई क्षेत्र अंतर्गत ग्राम महथुआ निवासी श्री संजय कुमार दुबे पुत्र दीनानाथ दुबे की घर के पास खड़ी टाटा 207 मालवाहक को अज्ञात द्वारा चोरी कर लिया गया। घटना के संबंध में तत्समय ही मु0अ0सं0-65/2023 धारा-379 भा0द0वि0 का अभियोग पंजीकृत कर विवेचनात्मक कार्यवाही प्रचलित की गई थी. वहीं आगामी नगर निकाय निर्वाचन के दृष्टिगत डॉ0 अनिल कुमार, पुलिस अधीक्षक भदोही द्वारा जनपद के रास्ते मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही व आपराधिक घटनाओं के अनावरण हेतु सभी सम्बंधित को सख्त निर्देश दिए गए हैं।
उपरोक्त आदेश के अनुपालन में अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी औराई के नेतृत्व में स्वाट व थाना औराई की संयुक्त टीम द्वारा दिनांक 30/01.05.2023 की रात्रि में राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोठरा नहर पुलिया के पास से वाहनों की चोरी व मादक पदार्थों की बिक्री करने वाले गिरोह के सरगना सहित तीन अंतर्जनपदीय अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई है। गिरफ्तारशुदा गांजा तस्करों के कब्जे से दो बोरियों में कुल-21.100 कि0ग्रा0 गांजा, थाना औराई क्षेत्र अंतर्गत चोरी गई टाटा 207 मालवाहक व गाजा बिक्री में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद किया गया है। बरामदशुदा गांजा व वाहनों की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपए है।
उक्त गिरफ्तारी/बरामदगी के आधार पर मालवाहक चोरी के संबंध में पंजीकृत अभियोग का सफल अनावरण करते हुए गिरोह के विरुद्ध मु0अ0सं0-76/2023 धारा-411 भा0द0वि0 व 8/20 एनडीपीएस एक्ट का अभियोग पंजीकृत किया गया। गिरोह सरगना के विरुद्ध जनपद सहित जनपद चंदौली व मिर्जापुर में चोरी, लूट, हत्या के प्रयास व एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत आधा दर्जन अभियोग पंजीकृत हैं। अभियुक्तों के अन्य आपराधिक घटनाओं में संलिप्तता की जांच व आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है।



