उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए एक ही जिले में लंबे समय से तैनात 111 पुलिस उपाधीक्षकों के तबादले पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सवाल उठाए हैं।
उन्होंने सोमवार को ट्वीट कर कहा कि कोरोना काल में उत्तर प्रदेश में 100 से अधिक डिप्टी एसपी के दूर-दूर तबादले करना शासन की अपरिपक्वता व संवेदनहीनता को दर्शाता है। अखिलेश ने आगे कहा कि नए शहर को समझने में समय लगता है साथ ही शिक्षा-सत्र के मध्य तबादले की समस्या परिजन समझते हैं। वहीं, उन्होंने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था एनकाउंटर व तबादले की नीति से नहीं चलती। बता दें कि योगी सरकार ने रविवार की रात लंबे समय से एक ही जिले में तैनात 111 पुलिस उपाधीक्षकों के तबादले कर दिए हैं। इनमें लखनऊ कमिश्नरेट के आधा दर्जन से अधिक पुलिस उपाधीक्षक भी शामिल हैं, जो सहायक पुलिस आयुक्त पद पर तैनात थे। फिलहाल भले ही अखिलेश की यह राजनैतिक टिप्पणी हो लेकिन पुलिसकर्मियों के अधिकांश परिवारों के उनकी संवेदनशीलता मरहम का काम कर गई।



