महाराष्ट्र सरकार पर भाजपा के उत्तर भारतीय नेताओं व कार्यकर्ताओं द्वारा जबरन आरोप लगाकर ‘ओछी सियासत’ की जा रही है, जिससे मुंबईवासी इस कोरोना संकट में आहत हो रहे हैं। ऐसी बातें कल्याण से उत्तर प्रदेश निशुल्क उत्तर भारतीयों के लिये श्रमिक ट्रेन रवानगी के समय युवा शिवसैनिक सर्वेश उपाध्याय ने कही।
गौरतलब है कि जहां महाराष्ट्र सरकार द्वारा विभिन्न प्रयास किये जा रहे हैं, वहीं शिवसेना नेताओं के साथ मिलकर स्थानीय युवा उत्तर भारतीय नेताओं द्वारा भरपूर मदद की जा रही है। लॉकडाउन में राहत सामग्री वितरण के बाद शिवसेना कल्याण शहर प्रमुख सर्वेश उपाध्याय टीम व नगर सेवक धनंजय बोडारे ने सांसद डा. श्रीकांत शिंदे की मदद से जरूरतमंदों को तलाशकर उन्हें श्रमिक स्पेशल ट्रेन से रवाना किया, जिसमें कल्याण, उल्हासनगर सहित आसपास क्षेत्रों से १५०६ यात्री निशुल्क गांव गये। सर्वेश उपाध्याय ने ‘सशक्त समाज न्यूज’ से बातचीत में कहा कि उत्तर भारतीय मजदूरों को उनके गांव छोड़ने के लिये विशेष ट्रेन चलाने की मांग मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने की थी। उसके बाद रेलवे टिकट का खर्च मुख्यमंत्री सहायता कोष से देने को कहा था। इसी के तहत पहले चरण में ३६ जिले के जिलाधिकारियों के खाता में ५४ करोड़ ७५ लाख ४७ हजार ७० रुपए जमा किए गए थे। कोरोना महामारी के दौरान भाजपा के उत्तर भारतीय नेताओं से विशेष आग्रह करते हुये सर्वेश उपाध्याय ने ‘ओछी सियासत’ करके गरीबों-मजदूरों की मदद में पचड़ा नहीं डालने हेतु अपील की।
मुख्यमंत्री कोष से किराया – इसके बाद अब छह जिले के लिए अतिरिक्त १२ करोड़ ४४ लाख ०८ हजार ४२० रुपए की निधि दी गई है। मतलब उत्तर भारतीय मजदूरों के रेलवे किराए के लिए मुख्यमंत्री सहायता कोष से अब तक ६७ करोड़ १९ लाख ५५ हजार ४९० रूपए दिए गए हैं। यह निधि संबंधित जिलाधिकारियों के खातों में जमा किए गए हैं। जिन छह जिले के जिलाधिकारियों को अतिरिक्त निधि दी गई है, उसमें मुंबई उपनगर जिले में १० करोड़, नगर में ३० लाख, सातारा में ४९ लाख ६८ हजार ४२०, सांगली में ४४ लाख ४० हजार, सोलापूर में २० लाख ओर कोल्हापुर जिले के लिए १ करोड़ की निधि दी गई है।



