उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में शनिवार को तड़के हुए भीषण सड़क हादसे से जहां कई जिलों में आंसूओं की धार बहने लगी, वहीं भदोही जनपद में भी औराई थाना क्षेत्र अंतर्गत उगापुर डीह निवासी मुकेश विश्वकर्मा 24 वर्ष की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। विवाह के प्रथम वर्षगांठ पर परिवार में आयी मौत की सूचना ने सबको हतप्रभ कर दिया।
गौरतलब है कि उक्त घटना के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मृतक परिवारों को एक-एक लाख रूपए आर्थिक मदद हेतु घोषणा की है। ऐसी जानकारी देते हुये पूर्व विधायक जाहिद बेग ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर समाजवादी पार्टी मुख्यालय का फोन भदोही उनके पास आया और एक प्रतिनिधि मंडल उगापुर डीह स्थित मृतक युवक के घर पंहुचा। समाजवादियों ने जहां गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान पूर्व सपा विधायक श्री बेग ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है। समाजवादी पार्टी के मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी इस घटना के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त किया है। इसके साथ ही प्रदेश सरकार से मृतक युवक के परिवार को दस लाख रुपये आर्थिक सहायता राशि देने की मांग की। आगे कहा है कि दुःख की इस घड़ी में पार्टी पीड़ित परिवार के साथ है। शोक प्रकट के दौरान प्रतिनिधि मण्डल में निवर्तमान जिला महासचिव ओमप्रकाश यादव,पूर्व जिला महासचिव शोभनाथ यादव, भदोही निवर्तमान विधानसभा अध्यक्ष संतोष यादव, औराई के निर्वतमान विधानसभा अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव, पूर्व सभासद राजकुमार यादव आदि लोग थे।



