विधायक ने खोली पोल..कोरोना संकट में भी घपलेबाजी, राजस्व में लाखों-करोड़ो का घपला…
उत्तर प्रदेश के भदोही जनपद में कोरोना संकट के दौरान ‘टोल’ में ‘लाखों’ के राजस्व ‘झोल’ की ‘पोल’ यहां के विधायक विजय मिश्रा ने खोला है. यह टोल प्लाजा सदैव विभिन्न कारणों से विवादों में रहा है. फिलहाल हाइवे के अन्य टोल प्लाजों पर भी राजस्व चोरी मामले की जांच का खतरा मंडरानें लगा है।
गौरतलब है कि भदोही जनपद के एनएच-19 पर स्थित लालानगर टोल प्लाजा पर ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र ने गंभीर आरोप लगाया है, जिस संदर्भ में उन्होंने प्रेस कान्फ्रेंस करके खुलासा भी किया है। विधायक ने दावा करते हुये कहा है कि एनएचएआई के साफ्टवेयर में छेड़छाड़ कर प्रतिदिन सरकार को ढाई से 3 लाख का चूना लगाया जा रहा है। कोरोना काल में पीएम और सीएम जहां आम जनता से सहयोग की अपील कर रहे हैं, वहीं ऐसे लोग सरकार को आर्थिक नुकसान पहुंचा रहे हैं। वह शनिवार को जिला पंचायत में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन में केंद्र सरकार की ओर से कमाई के हिसाब से राजस्व जमा करने के लिए कहा गया है, लेकिन संचालक की ओर से एनएचएआई के बजाए दूसरे साफ्टवेयर से रसीद लेकर प्रतिदिन ढाई से 3 लाख अवैध कमाई की जा रही है।
जांच के लिये खत – ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्रा ने केंद्रीय परिवहन एवं सड़क मंत्री नितिन गड़करी, सचिव निदेशक सतर्कता विभाग, डीएम और एसपी को पत्र लिखकर क्रॉस चेक करने की मांग की। कहा कि एनएचआई के अधिकारी भी संलिप्त होकर कारोबार संचालित करा रहे हैं। प्लाजा में अभी तक एवीसी स्थापित नहीं है, जिसका फायदा उठाकर यह काम हो रहा है। यदि इसी तरह किसी अन्य टोल प्लाजों पर भी धांधलीबाजी हो रही होगी तो, सरकारी राजस्व को करोड़ो का चूना लगना तय है।



