‘कोरोना वायरस’ से भले ‘लाॅकडाऊन’ के कारण सबकुछ बंद है लेकिन कई राज्यों में बढ़ती आत्महत्या की घटनाओं के मद्देनजर शराब को लेकर सत्ताशीर्ष विशेष योजना बना रहे हैं। केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने आबकारी विभाग को डॉक्टरों की पर्ची के बाद लोगों को शराब देने का निर्देश दिया है। आपको बता दें केरल में शराब नहीं मिलने से परेशान होकर रविवार को केरल में दो लोगों की आत्महत्या का मामला सामने आया था।
केरल सरकार ने आबकारी विभाग को ऐसे लोगों को नशामुक्ति केंद्रों में नि:शुल्क उपचार देने के लिए कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शराब की ऑनलाइन बिक्री पर भी विचार कर रही है क्योंकि अचानक शराब न मिलने से सामाजिक समस्याएं पैदा हो सकती हैं। पुलिस ने बताया कि त्रिसूर जिले के कोडंगलूर के सुनीश (32) ने कथित तौर पर नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली। जांच अधिकारी ने कहा, सुनीश भी शराब न मिलने से परेशान हो गया था। शिकायत में कहा गया है कि वह देर रात घर से निकला और नदी में कूद गया। उसका शव त्रिसूर जिले के इरिनजलाकुडा से मिला। उधर दूसरी घटना में पुलिस के अनुसार पिछले दो दिनों से शराब नहीं मिलने से परेशान होकर नोफल (34) ने ‘आफ्टर शेव’ लोशन पी लिया। पुलिस ने बताया कि तबीयत बिगड़ने पर नोफाल को आलप्पुझा जिले के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वल्लिकुन्नम पुलिस ने कहा कि परिवार के बयान के अनुसार एक साल पहले विदेश से लौटने के बाद वह नियमित रूप से शराब पीता था।


