उत्तर प्रदेश के भदोही जनपद में जहां शासनिक-प्रशासनिक अधिकारियों के मार्गदर्शन में कई स्पेशल टीम ‘कोरोना’ के विरूद्ध संकल्प और संयम से लड़ रही हैं, वहीं ग्राम पंचायत के प्रधान भी कंधा से कंधा मिलाकर चलने हेतु प्रयासरत हैं। ऐसे में कहीं-कहीं विभिन्न अफवाह पूर्ण पाखंडी ज्ञान फैला है, जिसके खिलाफ भी जागरूकता अभियान तेज है।
गौरतलब है कि भदोही जिले के डीघ ब्लाक अंतर्गत बेरासपुर के ग्राम प्रधान बब्बन तिवारी ने ‘कोरोना’ वायरस के खिलाफ ग्रामवासियों से जनसंपर्क करके जागरूकता अभियान छेड़ दिया है। जहां वे किसी भी तरह से गंदगी न फैलाने, हाथों को कुछ अन्तराल पर धोते रहने का आग्रह करते हुये सरकार और स्वास्थ्य विभाग के तरफ से बताये गये निर्देशों का पालन करने हेतु ग्रामवासियों को संदेश दे रहे हैं। प्रधान ने समाज में फैली विभिन्न तरह की पाखंडी अफवाह जैसे दीपक जलाएं, कुएं में पानी डाले इत्यादि को न मानने की अपील की। उन्होंने कहा कि ‘कोरोना’ को पांखडी ज्ञान नहीं बल्कि सावधानी व सतर्कता से हराया जा सकता है। फिलहाल शासनिक अधिकारियों से सतर्कता हेतु सेनेटाईजर छिड़काव वगैरह की मुहिम पर बातचीत चल रही है और स्वास्थ्य विभाग द्वारा जो भी मार्गदर्शन आयेगा, उसके अनुरूप ग्राम पंचायत क्षेत्र में तत्परता से मुहिम छेड़ी जायेगी।
