काशी-प्रयाग मध्य के भदोही जनपद में मानवता को शर्मसार करने वाला घिनौना कृत्य एक साधू ने किया है।जिसकी खबर मिलते ही जहां भगवाधारियों में आक्रोश है, वहीं पुलिस ने उक्त साधू को गिरफ्त में लेकर सलाखों तक पहुंचा दिया है।
भदोही जनपद पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक १५ जनवरी (बुधवार) को थाना ज्ञानपुर द्वारा मुकदमा अपराध संख्या 5 /20 धारा 377 भादवि और 4/5 पाक्सो एक्ट दर्ज किया गया। अभियुक्त रामदास तिवारी पुत्र राम नरेश तिवारी जनपद कौशांबी के सुल सैनी थाना सराय अकिल का निवासी है, जिसकी उम्र 65 वर्ष लगभग है। साधू ने पुरानी बाजार हनुमान मंदिर के पास एक ७ वर्षीय बालक को १४ जनवरी (मंगलवार) के दिन लगभग 2:00 बजे बहला-फुसलाकर उसके साथ जबरदस्ती अप्राकृतिक यौन संबंध बनाया। अभियुक्त साधू जोकि मंदिर का पुजारी भी है। फिलहाल गिरफ्तारी करके आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

सीओ ने की पुष्टि – भदोही जनपद पुलिस के ज्ञानपुर सीओ कालू सिंह ने ‘सशक्त समाज’ न्यूज नेटवर्क से बातचीत में साधू के इस घिनौने कृत्य वाली घटना की पुष्टि किया है। इसके साथ ही बताया कि साधू को जेल भेजा जा रहा है। पुलिस विभाग को इससे पूर्व ऐसी कोई शिकायत तो नहीं मिली है लेकिन प्रथम दृष्टया जांच में तथ्य सामने आ रहे हैं कि इससे पूर्व में भी इस साधू को कई स्थानों से खदेड़ा गया था। फिलहाल पुलिस टीम द्वारा साक्ष्य जुटाने के साथ साधू का पूर्व रिकार्ड भी खंगाला जा रहा है।


