उत्तर प्रदेश में मौसम काफी ठंडा है लेकिन महिलाओं के साथ घटित होने दिल दहला देने वाली घटनाओं ने यहां भी हर किसी को झकझोर दिया है। ऐसे में आंदोलनों ने सुरक्षा व्यवस्थापन के नजरिये से पुलिस-प्रशासन की व्यस्तता बढ़ा दी है, वहीं ‘उन्नाव कांड’ को लेकर विपक्षी दलों ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाने साधे हुये है। मिडिया रिपोर्टस के मुताबिक बांदा में भी कांग्रेस की महिला नेताओं ने प्रशासन के जरिए मुख्यमंत्री को ज्ञापन के साथ चूड़ियां दी, वहीं सपा नेताओं ने धरना देकर सरकार विरोधी नारे लगाए और राज्यपाल को ज्ञापन भेजा।

गौरतलब है कि उन्नाव पीड़िता की मौत की खबर आते ही राजनीति गर्मा गई। महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीमा खान के नेतृत्व में महिलाओं के जत्थे ने कलक्ट्रेट में धरना देने के बाद मुख्यमंत्री को चूड़ियां और ज्ञापन दिया। सिटी मजिस्ट्रेट ने ज्ञापन लेकर चूड़ियां लेने से इनकार कर दिया। ज्ञापन में कहा गया है कि पूरे प्रदेश में महिलाओं और बच्चियों के साथ दुष्कर्म और हत्याएं हो रही हैं। उनका घर से बाहर निकलना असुरक्षित है। मुख्यमंत्री इस पर सुधार नहीं ला सकते तो यह चूडिय़ां पहन लें।



