
प्यार की कोई सीमा नहीं होती है. वह कभी भी किसी से भी हो सकता है. प्यार में कोई ऐसा कुछ कर जाता है कि मिसाल बन जाता है. इसी तरह की एक प्रेम कहानी प्रतापगढ़ से सामने आई है. दरअसल प्रतापगढ़ के एक युवक ने किन्नर से शादी की है. दोनों ने अयोध्या की एक प्राचीन मंदिर में सात फेरे लिए…✍️
गौरतलब है कि लोक-लाज और समाज की बाधाओं को दरकिनार करते हुए प्रतापगढ़ के रहनेवाले शिव कुमार वर्मा ने प्रतापगढ़ की ही किन्नर अंजली सिंह के साथ वैदिक मंत्रोचार के बीच अयोध्या के नंदीग्राम भगवान श्रीराम के अनुज भरत की तपोस्थली भरतकुंड में एक प्राचीन मंदिर में सात फेरे लिए। यह शादी किन्नर अंजली सिंह की बहन और बहनोई ने संपन्न करवाई। दूल्हा और दुल्हन दोनों ही प्रतापगढ़ के रहने वाले हैं।
सभी रस्में निभाई गईं – इस वैवाहिक आयोजन की खास बात यह रही कि इसमें दर्जन भर बाराती भी शामिल हुए और शादी की सभी रस्में निभाई गर्इं और हंसी-खुशी मेहमानों ने नव-युगल को एक मंगलमय जीवन की शुभकामनाएं दी। एक युवक और एक किन्नर के बीच प्रेम कहानी के इस सुखद मोड़ पर पहुंच जाने पर परिवार और गांव के लोगों ने भी बहुत खुशी जाहिर की और लोग युवक के फैसले की सराहना भी कर रहे हैं।



