कोरोना संकट में स्वास्थ्य जांच तेजी से शुरू है, रेलवे स्टेशन पर भीड़ भी नहीं है. फिर भी ‘नाइजीरियन’ पर नजर रखने में सुरक्षा ऐजेंसियां फेल नज़र आ रही हैं। मुंबई पहुंची ड्रग्स की खेप ‘शार्टकट’ में ना फंसती तो यह खुलासा नहीं हो पाता। रेलवे आरपीएफ ने करीब 2 करोड़ रुपए के ड्रग्स के साथ एक नाइजीरियन को पकड़ा है।
गौरतलब है आरोपी दिल्ली-एर्नाकुलम मंगला एक्सप्रेस से मुंबई आ रहा था। थर्ड एसी में सफर कर रहा आरोपी उस समय संदेह के घेरे में आ गया, जब शॉर्ट कट मारने के चक्कर में नई मुंबई स्थित निलजे और तलोजा के बीच पुलिस से बचने के लिए उसने चेन पुलिंग की और वो ट्रेन से नीचे उतरा। ट्रेन से उतरते ही वहां तैनात आरपीएफ और एमएसबी जवानों ने संदेह के आधार पर उसे पकड़ा तो ड्रग्स तस्करी का मामला सामने आया।
जानकारी के मुताबिक आरोपी को आरपीएफ द्वारा दिवा लाया गया। जब आरोपी से पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम सनी ओचा आईवाईकेई (41) बताया, जो कि मूलरूप से नाइजीरिया का निवासी है।आरपीएफ को यह जानकारी आरोपी के पासपोर्ट नंबर ए10059012 से प्राप्त हुई। पूछताछ के दौरान जब आरोपी की बैग को जांचा गया तो उसमें संदिग्ध पदार्थ मिला। उसके बाद आरपीएफ ने नारकोटिक कंट्रोल ब्यूरो मुंबई की मदद मांगी और जब ड्रग्स की जांच की गई तो पता चला कि जो 2 किलो 300 ग्राम ड्रग्स पकड़ी गई है, वो ‘एमफेटामाईन’ नामक ड्रग्स है। पकड़े गए ड्रग्स की अनुमानित कीमत 2 करोड़ रुपए बताई गई है।



