भदोही जनपद में जहां एक ओर वर्ष 2019 विदाई के जश्न की तैयारी जगह-जगह नजर आ रही थी, वहीं पुलिस विभाग से जुड़े खाकी वर्दीधारी सुरक्षा व्यवस्था की योजना बना रहे थे। इसी दौरान औराई कोतवाली की उलझन तालाब से मिली महिला की लाश ने बढ़ा दी।
भदोही जनपद पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक वादी राजा राम यादव निवासी तिवारी पुर, थाना कछवां, जिला मिर्ज़ापुर ने थाना औराई में तहरीर देकर अवगत कराया कि उसकी लड़की मंजू देवी उम्र करीब 24 वर्ष की शादी वर्ष 2018 में औराई थाना अंतर्गत ग्राम लीलाधरपुर के गिरजाशंकर पुत्र सूबेदार यादव हुई थी। 24 दिसंबर को गिरजाशंकर ने वादी को फोन करके बताया कि मंजू देवी घर से जेवर आदि लेकर गायब हो गई है। वादी द्वारा अपनी लड़की की तलाश की गई तो उसकी लड़की का कोई पता नहीं चला। मंगलवार (31 दिसंबर) को पता चला कि मंजू देवी की लाश उसके घर के पास स्थित तालाब में मिली है। मंजू देवी के ससुराल के लोगो ने दहेज कम मिलने के कारण उसे प्रताड़ित कर उसकी हत्या कर दिए हैं। उक्त घटना के सम्बन्ध में वादी की तहरीर के आधार पर थाना औराई में मु.अ.स. 281/2019 धारा 498A,304B ipc व 3/4 डी.पी. एक्ट के तहत अभियोग गिरजाशंकर, सूबेदार तथा गुलाबदेवी आदि तीन लोगों के विरुद्ध पंजीकृत किया गया है। तथा मृतका के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके पर शांतिव्यस्था कायम है।
फिलहाल ‘सशक्त समाज’ न्यूज नेटवर्क को औराई कोतवाल एस. एन. मिश्रा से इस रहस्मयी घटना के संदर्भ में औपचारिक जानकारी तो नहीं मिल पाई लेकिन 2019 के विदाई दिवस पर औराई कोतवाली के खाकी वर्दीधारियों का दिन उलझन से परिपूर्ण रहा। खैर.. भविष्यत इस रहस्मयी घटना के विवेचनात्मक खुलासे से ही पता चलेगा कि आखिरकार यह हत्या है, आत्महत्या है या कोई अन्य साजिश।


