स्थानीय लोगों की जागरुकता और पुलिस की सक्रियता ने गुरुवार को भदोही में बैक लूट की बड़ी वारदात को बचा लिया। बैंक लूटने के इरादे से परिसर में दाखिल हुए लुटेरों ने जैसे ही बैंककर्मियों को बंधक बनाया, वैसे ही बैंक में मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बैंक के अंदर वारदात को अंजाम दे रहे लुटेरों को घेराबंदी करके पकड़ लिया। पुलिस दोनों बदमाशों पूछताछ कर रही है।
घटना गुरुवार को थाना औराई के कस्बा महाराजगंज स्थित फाइनेंस बैंक शाखा के अंदर की है। सुबह 10:30 बजे थाना औराई क्षेत्र अंतर्गत कस्बा महाराजगंज बाजार में स्थित भारत फाइनेंसियल इंक्लूजन की कंपनी खुली हुई थी। जिसमें मैनेजर व कैशियर दो लोग मौजूद थे। दो हथियारबंद लुटेरों राजकुमार, मनोज कुमार निवासी बरैनी बसकापूरा थाना कछवा जनपद मिर्जापुर द्वारा बैंक शाखा को लूटने की नियत से शाखा कर्मियों को बंधक बना लिया गया। असलहे के बल पर शाखा प्रबंधक से ₹40000 लूट कर अपने कब्जे में ले लिए तथा कैश लाकर का ताला तोड़कर और पैसे लूटने का प्रयास कर रहे थे।
स्थानीय जनता द्वारा सूझबूझ पूर्वक अपनी जिम्मेदारी को निभाते हुए थाना औराई को सूचना दी गई। प्रभारी निरीक्षक औराई द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मय पुलिस पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत व घेराबंदी कर बैंक के अंदर से दोनों बंधकों को छुड़ा कर दोनों हथियारबंद लुटेरों को मय असलहे के साथ गिरफ्तार किया गया। सूचना पर पुलिस अधीक्षक भदोही डॉ0 अनिल कुमार भी घटनास्थल पहुंच गये। पुलिस पकड़े गये अभियुक्तों से पूछताछ कर रही है।


