औराई क्षेत्र के दवनपुर गांव में लोक निर्माण विभाग द्वारा बनवाई जा रही सडक़ को थोड़ा आगे तक बनवाने की मांग कर रहे पूर्व प्रधान पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पूर्व प्रधान के सिर में कई स्थानों पर गंभीर चोट आई है। बताया जाता है कि हमलावरों ने मारपीट के बाद सडक़ पर जाम लगा दिया, इससे आधा घंटा तक आवागमन बाधित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डंडा पटककर सडक़ खाली करवाई। घायल प्रधान को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया है। जबकि दूसरे पक्ष के एक युवक को औराई स्वास्थ्य केन्द्र में ही ईलाज किया गया।
जानकारी के मुताबिक औराई थाना क्षेत्र के दवनपुर गांव में लोनिवि द्वारा रोड बनवाई जा रही है। पूर्व प्रधान श्रीराम दुबे उक्त सडक़ को एक बस्ती तक बनवाने का अनुरोध कर रहे थे, यह बात कुछ लोगों को पसंद नहीं आ रही थी। इसी दौरान बस्ती के लोगों ने एक राय होकर पूर्व प्रधान श्रीराम दुबे के ऊपर लाठी-डंडा से हमला बोल दिया। पूर्व प्रधान के घायल होने पर लोगों ने उगापुर में सडक़ पर जाम लगाकर पुलिस, प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
इसकी सूचना मिलने पर पुलिस कोतवाल सदानंद भारी फोर्स के उगापुर पहुंच गए और डंडा पटककर सडक़ पर जाम लगाए लोगों को भगाया और घायल श्रीराम दुबे को औराई हास्पिटल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद श्रीराम दुबे को ट्रामा सेंटर बनारस के लिए रेफर कर दिया गया। कोतवाल का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा। इस प्रकरण में सपा नेता मुकदमा लिखवाने के लिए दबाव बनाते देखे गये। चर्चा है कि यह मारपीट पुरानी रंजिश के साथ-साथ पंचायत चुनाव की भी है।
श्रीराम दुबे की पत्नी रेखा दुबे ने बताया कि भारी संख्या में लोग घर पर आकर पथराव और गाली गलौज भी किये। कहा कि उनके पति की हत्या करने की पूरी साजिश के तहत यह हमला किया गया। जबकि विपक्षी लोग इसे श्रीराम दुबे की मनमानी और गलती का आरोप लगा रहे है। कुछ लोग तो गोलीबारी की भी बात कहते सुने गये। घटना के बाद भारी संख्या में लोग औराई कोतवाली में डटे रहे। और सपा के लोग भी इसे राजनीतिक रंग देते देखे गये।
