पाकिस्तान की आम जनता इन दिनों महंगाई से बुरी तरह त्रस्त है। चीनी और आटे से लेकर अंडे तक सबके दाम लगातार उछाल मार रहे हैं। पिछले दिनों खबर आई थी कि कुछ इलाकों में अदरक एक हजार रुपए प्रति किलोग्राम के रेट से बिका है। पाकिस्तान का आम आदमी अंडे खाकर किसी तरह गुजारा कर रहा था, उसकी भी कीमत 25 रुपए से लेकर 30 रुपए तक पहुंच गई है। हालात यह हैं कि लाहौर की सब्जी मंडी में करेला 100 रुपए से ऊपर के रेट में बिक रहा है जबकि भिंडी भी 200 रुपए किलो से ऊपर है।
बताया जा रहा है कि देश के कुछ इलाकों में करेले का फुटकर भाव 150 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गया है। इससे ज्यादा आग भिंडी के दाम में लगी है और वह फुटकर में 250 रुपए किलो तक के भाव में बिक रही है। सिर्फ करेला और भिंडी ही नहीं बल्कि लहसुन और टमाटर भी इन दिनों खासे महंगे हो गए हैं। पाकिस्तान में चीन से आया हुआ लहसुन फुटकर में 250 रुपए किलो तक बिक रहा है जबकि टमाटर भी कई इलाकों में 150 रुपए किलो के भाव तक पहुंच गया है। हालांकि अदरक के दामों में पहले के मुकाबले सुस्ती देखने को मिल रही है और अब चीन से आयात होकर 350 रुपए प्रति किलो तक के दाम में बिक रहा है।
पाकिस्तान एक ऐसा मुल्क है, जहां देश की एक बहुत ही बड़ी आबादी गरीब है और उसे सरकार से भी कुछ खास मदद नहीं मिल पाती। इस मुल्क में एक तरफ जहां हजारों एकड़ खेतवाले जमींदार हैं तो दूसरी तरफ बड़ी संख्या ऐसे लोगों की है, जो दो जून की रोटी के लिए दिहाड़ी पर निर्भर रहते हैं। कोरोना वायरस के चलते पहले से ही लड़खड़ा रही देश की अर्थव्यवस्था को भारी झटका लगा था। ऐसे में एक आम पाकिस्तानी के लिए महंगाई के इस दौर में सर्वाइव कर पाना ही खासा मुश्किल होता जा रहा है।



