उत्तर प्रदेश के भदोही जनपद में कोरोना महामारी को देखते हुए अब ब्लाक स्तर पर शासनिक जांच शुरू हो चुकी है, यहां प्रतिदिन स्वैब जांच की सुविधा उपलब्ध है. ब्लाक क्षेत्र ही नहीं बल्कि कोई भी बड़ी आसानी से जांच हेतु सैंपल अब दे सकता हैं. शासनिक स्वास्थ्य विभाग की यह पहल काफी मददगार साबित होगी।
गौरतलब है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (डीघ) में भदोही जनपद स्वास्थ्य द्वारा कोरोना संक्रमण की जांच हेतु ठोस पहल कर दी गई है, जहां निशुल्क स्वैब जांच की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। रविवार को दो स्थानीय पत्रकारों समेत ५० लोगों का स्वैब सैंपल जांच के लिए लिया गया। इन लोगो में कुछ लोगों को खांसी, बुखार की शिकायत थी तथा कुछ ऐसे भी लोग थे, जो किसी अन्य राज्य या शहर से गांव लौटे थे. इस वजह से भी अपना स्वैब सैंपल दिये। बताया गया कि सभी लिये गये सैंपल की रिपोर्ट तीन-चार दिन में आ जायेगी। स्वैब सैंपलिंग की सुविधा ब्लाक स्तर पर हो जाने पर अब लोगों को इस महामारी के संक्रमण के खतरे को जल्द पहचाना जा सकेगा। स्वास्थ्य केन्द्र के प्रभारी चिकित्सक डा. गुलाब यादव ने बताया कि सरकार ने कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले को रोकने के निशुल्क जांच सेंटरों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया है, जिसके कारण अब ब्लाक स्तर पर भी संभावित लोगो का स्वैब सैंपल लेकर जांच किया जा रहा है। जिनका निगेटिव आयेगा उनका तो कोई बात नही और जो ‘पाॅजिटिव’ पाए जाएगें उनका त्वरित इलाज शुरू किया जायेगा. आगे बताया कि ग्राम स्तर पर आशा, आँगनवाड़ी के माध्यम से जागरूकता फैलाया जा रहा है। यदि किसी को भी बुखार, खांसी या सांस लेने में समस्या हो रही है तो वे ब्लाक पर आकर अपना जांच करा सकते है। कहा कि कोरोना के संक्रमण से बचने के लिए सरकार के तरफ से जारी दिशा निर्देशों का पालन करना जरूरी है। तभी कोरोना से हम सब मिलकर जंग जीत सकते है।
१७२ लोगों का स्वैब जांच – पिछले ४ दिनों में १७२ लोगों ने स्वैब जांच हेतु सैंपल दिया है. सुबह १० बजे पहुंचकर इस ११ बजे से शुरू होने वाली जांच प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं, जोकि १ बजे तक चलती है।
बुनियादी ढांचा है मजबूत, खाद-पानी चाहिए..
ज्ञानपुर विधानसभा क्षेत्र के डीघ ब्लाक में शुरू हुए स्वैब जांच पर जब विधायक विजय मिश्रा से ‘सशक्त समाज न्यूज’ द्वारा प्रतिक्रिया ली गई तो उन्होंने कहा कि ”गरीबों तक विभिन्न सुविधाओं के साथ निशुल्क शासकीय स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए भी पूर्व में ढ़ांचा विधान सभा क्षेत्र में मजबूत रखा गया है, जिसे शासन द्वारा सिर्फ खाद-पानी देने की जरूरत है. ब्लाक ही नहीं बल्कि विभिन्न गांवों तक स्वास्थ्य केन्द्रों का निर्माण करवाया गया है, जहां सुविधा-संसाधन मुहैया करवाने में शासनिक अमला पिछड़ा है. भदोही स्वास्थ्य विभाग डाक्टरों की नियुक्ति यदि साप्ताहिक भी गांव-गांव में कर दे तो ग्रामीणों को काफी राहत मिलेगी और जिला अस्पताल का भी बोझ भी कम हो जाएगा. खैर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (डीघ) का विस्तार हमनें ही पूर्व में करवाया था, जिसका विशेष लाभ यदि कोरोना संकट में क्षेत्रीय जनता ने उठा लिया तो हमारी दूरदर्शिता का यह यज्ञ सफल हो जाएगा. फिलहाल निशुुल्क व आसानी से हो रहे कोरोना स्वैब जांच को जरूर करवाएं ताकि त्वरित इलाज से खुद के साथ गांव-समाज में भी फैलने से रोका जा सके।”

