गणतंत्र दिवस पर महाराष्ट्र की झांकी को ‘नो इंट्री’, पश्चिम बंगाल के साथ केरल को भी इजाजत नहीं.!

गणतंत्र दिवस परेड में इस बार 22 झांकियां दिखाई देंगी, जिसमें रक्षा मंत्रालय की कमेटी ने 16 राज्यों और 6 मंत्रालयों-विभागों को इजाजत दी है. वहीं पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र के बाद अब केरल की झांकी को भी गणतंत्र दिवस की परेड में शामिल होने की इजाजत नहीं दी गई है. केरल ने अपनी झांकी के लिए थेय्यम और कलामंडलम के पारंपरिक कला का प्रस्ताव रखा था. इस प्रस्ताव को रक्षा मंत्रालय की सलेक्शन कमेटी ने खारिज कर दिया है. इससे पहले महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल की झांकियों को इजाजत नहीं दी गई थी. पश्चिम बंगाल के बाद अब महाराष्ट्र की झांकी भी साल 2020 की गणतंत्र दिवस की परेड में देखने को नहीं मिलेगी. महाराष्ट्र सरकार में मंत्री जितेंद्र अव्हाड ने दावा किया है कि इस बार के गणतंत्र दिवस की परेड में महाराष्ट्र की झांकी को गृह मंत्रालय ने स्वीकार करने से इन्कार कर दिया है. इस मामले पर शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा था कि महाराष्ट्र की झांकी हमेशा से देश का आकर्षण रही है. अगर यही कांग्रेस के कार्यकाल में हुआ होता तो महाराष्ट्र बीजेपी हमलावर हो जाती.

बता दें कि गणतंत्र दिवस के मौके पर राजपथ पर कई झांकियां निकलती हैं, जिनमें राज्य, केंद्र शासित प्रदेश और केंद्रीय मंत्रालयों की उपस्थिति होती है. इस साल होने वाली परेड में कुल 22 झांकियां दिखाई जाएंगी. इसमें 16 राज्यों-केंद्र शासित प्रदेश की और 6 केंद्रीय मंत्रालयों की तरफ से होंगी. रक्षा मंत्रालय के पास परेड के लिए कुल 56 झांकियों का प्रपोजल आया था. इजाजत दिए गए राज्यों में आंध्र प्रदेश, असम, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, मेघालय, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना और उत्तर प्रदेश शामिल है. इसके अलावा शिपिंग मंत्रालय, गृह मंत्रालय समेत 6 मंत्रालयों-विभागों को भी इजाजत दी गई है.

Leave a Reply

Discover more from सशक्त समाज न्यूज़

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading