ताजनगरी से ‘मुगल रोड’ नाम का आखिरकार सफाया हो गया। मेयर नवीन जैन की अध्यक्षता में नगर निगम कार्यकारिणी कक्ष में हुई बैठक में पार्षद राधिका अग्रवाल ने ‘मुगल रोड’ के नाम को बदल कर ‘महाराजा अग्रसेन’ के नाम पर रखे जाने का प्रस्ताव रखा। आगरा के कमला नगर क्षेत्र की प्रमुख सड़क मुगल रोड का नाम बदलकर अब महाराजा अग्रसेन मार्ग रख दिया गया है। इसी तरह नालबंद चौराहा का नाम अब महाराजा दक्ष चौराहा होगा।

गौरतलब है नगर निगम की कार्यकारिणी के दसवें अधिवेशन की बृहस्पतिवार को हुई बैठक में नाम बदलने के इन प्रस्तावों को मंजूर कर लिया गया। शहर में तीन स्थानों के नाम बदलने के प्रस्ताव पार्षदों ने रखे थे, जिन्हें आम सहमति से पास कर दिया गया। मुगल रोड के आलावा ताजगंज तांगा स्टैंड का नाम ऑटो स्टैंड और नाल बंद चौराहे के नाम को महाराजा दक्ष के नाम से किए जाने का प्रस्ताव रखा गया। इस प्रस्ताव पर भी सभी लोगों ने सहमति जताई। महापौर नवीन जैन ने एमजी रोड का यह क्षेत्र पीडब्ल्यूडी के अधीन आने पर इस प्रस्ताव को पीडब्ल्यूडी को भेजने की बात कही। मेयर ने कहा कि गुलामी के प्रतीक नामों की जगह वैश्य बहुल कमला नगर क्षेत्र में महाराजा अग्रसेन के नाम पर सड़क का नाम होना चाहिए। अग्रसेन वाटिका में उनकी प्रतिमा भी है।



