मुंबई (सं. भा.) चारकोप पुलिस ने संगीत निर्देशक एवं गायक रंजीत कुमार सिंह को कार शोरूम से एक ब्रांडेड वोक्सवैगन कार लेकर भागने के आरोप में गिरफ्तार किया है. वह शोरूम से कार टेस्ट ड्राइव के लिए बाहर लेकर निकला और फरार हो गया. संगीत निर्देशक एवं गायक रंजीत कुमार सिंह चारकोप में रहता है. पिछले सप्ताह वह बोरिवली के एक शोरूम में गया था, जहां उसने सिल्वर कलर की एक वोक्सवैगन कार खरीदने की बात कही और सेल्समैन से पूछा कि क्या वह टेस्ट ड्राइव पर जा सकता है.
सेल्समैन ने सभी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद सेल्समैन और रंजीत ने टेस्ट ड्राइव के लिए कार निकाली. जब वह चारकोप पहुंचे, तो उसने कार रोक दी और सेल्समैन को बहाने से नीचे उतरने के लिए कहा. सेल्समैन जैसे ही कार से नीचे उतरा. वह कार लेकर फरार हो गया. सेल्समैन ने भारतीय दंड संहिता की धारा 406 (आपराधिक विश्वासघात के लिए सजा) के तहत चारकोप पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करवाया. रंजीत ने पुलिस को गुमराह करने के लिए अंधेरी और गोरेगांव के विभिन्न पीसीओ से शोरूम के मालिक को फोन करके बताया कि टेस्ट ड्राइव के लिए उसने जो कार ली थी, वह किसी और ने चुरा ली है.
सहायक पुलिस निरीक्षक नीलेश सालुंके ने बताया कि हमने प्रत्येक पीसीओ बूथ पर कड़ी नजर रखी, जहां से आरोपी शोरूम के मालिक को फोन कर रहा था. पुलिस को 5 दिन बाद कार लावारिश हालत में वर्सोवा में पार्क की हुई मिली. पुलिस ने कार के आस-पास ट्रैप लगाया. जैसे ही रंजीत कार लेने के लिए आया, पुलिस ने उसे दबोच लिया. अदालत ने उसे 25 जून तक पुलिस हिरासत में भेजा है. पुलिस के मुताबिक रंजीत ने कई गीतों के लिए अपनी आवाज दी है. इन दिनों वह आर्थिक संकट से गुजर रहा है.


