यूपी के बाद अब दिल्ली सरकार के एक स्कूल के मिड-डे-मील में मरा चूहा निकला। नबी करीम इलाके में स्थित एसडी हरी मंदिर गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बृहस्पतिवार सुबह पांच कंटेनर मिड-डे-मील के पहुंचे थे। इन्हीं में से एक कंटेनर में चूहा मिला। इसकी सूचना विभाग के आला अधिकारियों को मिलते ही आनन-फानन में स्कूल से खाने के सैंपल एकत्रित किए गए। स्कूल की चेयरपर्सन और सलाहकार अनीता जैन ने बताया कि दो महीने से खाने की गुणवत्ता को लेकर वे लगातार ठेकेदार के खिलाफ शिकायत करती आ रही हैं। बृहस्पतिवार सुबह जब पांच कंटेनर पहुंचे तो उनमें से एक कंटनेर में चूहा मिलने की जानकारी उन्होंने ही विभागीय अधिकारियों को दी। हालांकि स्कूली बच्चों को खाना बंटने से पहले ही इसकी जानकारी मिल गई। इसके चलते कोई बड़ी घटना होने से टल गई।

स्वास्थ्य से खिलवाड़ – उत्तरी दिल्ली नगर निगम के स्थायी समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश ने बताया कि स्कूल में मिड-डे-मील में चूहा मिलना बेहद गंभीर मामला है। दिल्ली सरकार बच्चों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार के सभी स्कूलों में मिड-डे-मील की जांच होनी चाहिए और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी होनी चाहिए। उधर शिक्षा विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद खाने के सैंपल एकत्रित करा जांच के लिए भेज दिए हैं।
