शुकुलपुर के साथ जगापुर व गोपालपुर भी सुर्खियों में….
भदोही के चर्चित गोलीकांड व सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश आखिरकार भदोही पुलिस ने कर दिया, जिसमें ‘वादी, मुकदमा पक्ष’ के ही लोग हत्याकांड के सूत्रधार निकले. इतना ही नहीं बल्कि इस साजिश में शामिल कुछ रिश्तेदारों को भी पुलिस ने बेनकाब किया है।
गौरतलब है कि गठित पुलिस टीमों ने निष्पक्ष जांच, सीसीटीवी फुटेज व सीडीआर रिपोर्ट आदि इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से वास्तविक हत्यारोपियों को ढूंढ निकाला, जो स्वयं पीड़ित बनकर पुलिस को लगातार गुमराह कर रहे थे. भदोही एसपी की मानें तो (वादी, मुकदमा) का आचरण एवं व्यवहार पहले दिन से ही संदिग्ध था, घटनाक्रम के संबंध में उसके द्वारा बताई गई, कोई कहानी मेल नहीं खा रही थी. इतना ही नहीं बल्कि (वादी मुकदमा) द्वारा घटना के तुरंत बाद से ही अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु अनावश्यक दबाव बनाना एवं उसके लिए धरना प्रदर्शन का प्रयास करना उसके आचरण को संदिग्ध बनाने वाला था. तथ्य के तौर पर घटनास्थल पर भी दोनों पक्षों के बीच संघर्ष का कोई निशान न होना एवं अन्य महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य घटनास्थल से गायब होना भी घटना के संबंध में वादी द्वारा बताए गए कहानी से पृथक होना साबित कर रहा है. फिलहाल पुलिस की सूझबूझ व निष्पक्ष जांच के फलस्वरुप षड्यंत्रकारियों का मिशन हुआ फेल और भदोही जनपद एसपी द्वारा घटना का सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीमों पुरस्कृत किया जाएगा।
अपर पुलिस अधीक्षक भदोही के कुशल पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी ज्ञानपुर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों द्वारा अथक प्रयास व इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आज दिनांक 19.06.2024 को सनसनीखेज हत्याकांड का सफल अनावरण करते हुए हत्या की घटना में शामिल कुल-03 वास्तविक हत्यारोपियों को चकवा (चंदेल नहर पुलिया) थाना क्षेत्र ज्ञानपुर के पास गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस टीमों द्वारा निष्पक्ष जांच व साक्ष्य संकलन की कार्यवाही के दौरान सीसीटीवी फुटेज की जांच, सीडीआर रिपोर्ट आदि इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पाया गया कि तथाकथित पीड़ित/वादी मुकदमा पक्ष के ही लोग हत्याकांड के सुत्रधार हैं। वादी मुकदमा द्वारा पंजीकृत कराए गए अभियोग से सम्बंधित नामजद अभियुक्तों की घटना में संलिप्तता नहीं पाई गई। हत्याकांड में तथाकथित पीड़ित/वादी मुकदमा पक्ष के ही कुल-05 अभियुक्त प्रकाश में आए हैं। उक्त के क्रम में पंजीकृत अभियोग में धारा-302, 182, 195, 211, 120बी भा0द0वि0 में तरमीम किया गया। गिरफ्तारशुदा अभियुक्तों से विस्तृत पूछताछ सहित अग्रेतर विधिक कार्यवाही की जा रही है. घटना में शामिल शेष दो वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमों द्वारा प्रयास किया जा रहा है।
गिरफ्तारशुदा अभियुक्तों का नाम व पता- मिथिलेश शुक्ला पुत्र राममूर्ति शुक्ला निवासी हरिहरपुर, शुकुलपुर थाना ज्ञानपुर, जनपद भदोही (वादी मुकदमा) व अनीश शुक्ला पुत्र विंध्यवासिनी शुक्ला (निवासी हरिहरपुर, शुकुलपुर थाना ज्ञानपुर जनपद भदोही) के साथ रिश्तेदार विशाल पाण्डेय पुत्र श्यामजी पाण्डेय (निवासी जगापुर, थाना गोपीगंज, जनपद भदोही) भी अब पुलिस शिकंजे में है।
वांछित अभियुक्त- राकेश शुक्ला पुत्र राममूर्ति शुक्ला (निवासी हरिहरपुर, शुकुलपुर थाना ज्ञानपुर जनपद भदोही) के साथ रिश्तेदार अजय कुमार पाण्डेय पुत्र छोटेलाल (निवासी गोपालपुर, दानुपट्टी थाना गोपीगंज जनपद भदोही) वांछित को पुलिस तलाश रही है।
पूछताछ में खुले राज – पूछताछ में गिरफ्तारशुदा अभियुक्तों द्वारा बताया गया कि पूर्व में हुई त्रिवेणी शुक्ला की हत्या की घटना में जिला कारागार ज्ञानपुर में निरुद्ध अपने परिजनों को मुकदमे का लाभ पहुंचाने व सुलह कराने के उद्देश्य से षड्यंत्र के तहत उनके द्वारा घटना को अंजाम दिया गया था। वादी (मुकदमा) मिथिलेश शुक्ला द्वारा स्वयं तथाकथित पीड़ित बनकर पुलिस को गुमराह करने के लिए विरोधी पक्ष के लोगों के विरुद्ध नामजद अभियोग कराया गया।
गिरफ्तारी हेतु गठित पुलिस टीम का विवरण – कार्यावाहक थानाध्यक्ष रामध्यान यादव, उ0नि0 होरीलाल, कां. अरुण कुमार, कां. वैभव सिंह, कां. सन्तोष सिंह व कां. मनीष कुमार थाना ज्ञानपुर जनपद भदोही व उप निरीक्षक मोहम्मद शाबान, हेड कांस्टेबल अजय यादव, हेड कांस्टेबल इंदु प्रकाश गौतम, हेड कांस्टेबल नागेंद्र यादव, हेड कांस्टेबल धीरेंद्र श्रीवास्तव, कां. मन्नु सिंह, कां. दीपक यादव व कां. सुनील स्वाट टीम जनपद भदोही
घटनाक्रम- दिनांक-30/31.05.2024 की रात्रि में थाना ज्ञानपुर क्षेत्र अंतर्गत लालानगर-ज्ञानपुर मार्ग ग्राम हरिहरपुर, शुकुलपुर में हमलावरों ने शेषधर शुक्ला उर्फ पुदुल्ली पुत्र रामअक्षैवर शुक्ला उम्र करीब 55 वर्ष, राकेश शुक्ला पुत्र राममूर्ति शुक्ला उम्र करीब 35 वर्ष व अनीश शुक्ला पुत्र विंध्यवासिनी शुक्ला समस्त निवासीगण ग्राम हरिहरपुर, शुकुलपुर थाना ज्ञानपुर जनपद भदोही को लाठी डंडा से हमला कर व गोली मारकर घायल कर दिया। घायलों को तत्काल ईलाज हेतु जिला अस्पताल ज्ञानपुर भेजा गया, जहां चिकित्सकों द्वारा शेषधर शुक्ला उर्फ पुदुल्ली उपरोक्त को मृत घोषित कर दिया गया एवं राकेश शुक्ला व अनीश शुक्ला का बीएचयू ट्रामा सेंटर वाराणसी में ईलाजरत थे। सूचना पर तत्समय ही पुलिस अधीक्षक भदोही, अपर पुलिस अधीक्षक भदोही व सम्बंधित क्षेत्राधिकारी द्वारा स्वाट व फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। मृतक के शव को कब्जे में लेकर वादी मुकदमा मिथिलेश शुक्ला पुत्र राममूर्ति शुक्ला निवासी हरिहरपुर, शुकुलपुर थाना ज्ञानपुर जनपद भदोही प्राप्त तहरीर के आधार पर पंकज शुक्ला आदि 14 नामजद व 4-5 अज्ञात के विरुद्ध मु0अ0सं0-59/2024 धारा-147 148 302 307 504 506 भा0द0वि0 का अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही प्रचलित की गई।
डॉ0 मीनाक्षी कात्यायन, पुलिस अधीक्षक भदोही द्वारा घटना के सफल अनावरण हेतु पुलिस टीमों का गठन कर साक्ष्यों के आधार पर हत्यारोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देश दिए गए।



