• अखिलेश बोले, सात नम्बर का चुनाव चिन्ह याद रखना, सात फेरे लेने से रिश्ते होते हैं मजबूत
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भदोही में चुनावी रैली करने आए. जब मंच से दहाड़ना शुरू किए, तो भाजपा पर जोरदार प्रहार उन्होंने किया. जब उनकी सरकार थी, तब उक्त दौरान भदोही में हुए विकास कार्य को भी वे गिनानें में पीछे नहीं हटे।
भदोही में इंडिया गठबंधन TMC के प्रत्याशी ललितेशपति त्रिपाठी के समर्थन में उमड़ी भीड़ को सम्बोधित करते हुए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर करारा हमला बोला. तंज कसते हुए कहा कि काशी नही क्यूटो है. जनता में इतना गुस्सा है, कि भदोही के बगल प्रधानमंत्री की क्यूटो सीट भी भाजपा हार रही है. उन्हें एक सीट नही मिलने वाली, 80 सीटों पर इंडिया गठबंधन जीत हासिल करने जा रही है. 400 पार का नारा देने वाली बीजेपी को इस बार देश की जनता 140 सीटों के लिए भी तरसा देगी। कहा कि भाजपा के लोगों ने झूठ बोलकर जनता को ठगने का काम किया है। अब जनता इनको समझ चुकी है, और 2024 में भगाने का काम करेगी. भाजपा सरकार में महंगाई गरीबों का खून चूस रही है. किसान परेशान है, कीटनाशक दवाई भी महंगी कर दी गई है. आम जनता महंगाई की दंश झेल रही है। किसानों का कर्ज हम माफ करेंगे, भाजपा सिर्फ बड़े लोगों, पूंजीपतियों का कर्ज माफ करती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि यह चुनाव संविधान बचाने का चुनाव है, और संविधान बचाने की लड़ाई का चुनाव है। युवाओं के भविष्य का चुनाव है। भावुकता से अखिलेश ने लोगों से समर्थन की अपील की। कहा कि भदोही की जनता पर बहुत भरोसा है, आपके भरोसे पर ही टीएमसी से गठबंधन किया और उनके ही प्रत्याशी ललितेशपति त्रिपाठी को यहां चुनाव लड़ाया है। कहा कि सात नम्बर का सिंबल याद रखना, क्योंकि सात फेरे लेने से रिश्ता मजबूत हो जाता है।
अखिलेश ने अपने कार्यकाल में हुए विकास कार्य को भी गिनाया। कहा कि भदोही से मिर्जापुर मार्ग व सीतामढ़ी सड़क हमेशा खराब रहती थी. इसे आपकी सपा सरकार में बनवाया गया. भदोही शहर के लिए ओवर ब्रिज एवं कालीन उद्योग के लिए कारपेट एक्सपो मार्ट का निर्माण कराया गया. एंबुलेंस सेवा एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए डायल 100 पुलिस सेवा जैसा ऐतिहासिक काम सपा के समय में हुआ, जो आज भी लाभान्वित कर रही है. पर उसको इन्होंने बिगाड़ कर रख दिया है और नाम भी बदल दिया।
अखिलेश यादव ने आगे तंज करते हुए कहा कि भाजपा लोकसभा चुनाव में छोटा पंडाल बनवा रही है, और जहां कुर्सी खाली है, वहां कर्मचारियों को बैठाकर सभा कर रहे हैं। फौजी की नौकरी भी बीजेपी वालों ने आधी कर दी, साथ ही अग्निवीर योजना चालू की है। जिससे युवा परेशान और आक्रोशित है। 30 लाख सरकारी रिक्त पद इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर भरे जायेंगें। पहले की तरह ही सेना में नौकरी मिलेगी। कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनी, तो राशन की मात्रा बढ़ाने के साथ ही गुणवत्ता पूर्ण किया जाएगा। एवं राशन के साथ पैकेट का आटा एवं इंटरनेट डाटा दिया जाएगा। भाजपा सरकार में भर्ती तो छोड़िए, पेपर लीक कराकर भाजपा छात्रों को बेरोजगार करने में अपनी भूमिका निभा रही है। लाखों लोगों को रोजगार देने का भाजपा का दावा फेल हो गया है।
इसी मंच पर कांग्रेस के यूपी प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भी भाजपा पर कड़ा हमला बोला। कहा कि राहुल गांधी व इंडिया गठबंधन की आंधी चल रही है। तो वहीं पश्चिम बंगाल से भदोही पहुंची टीएमसी की सांसद सुष्मिता देव ने भी बीजेपी को आड़े हाथों लिया, और कहा कि इंडिया गठबंधन इस बार इतिहास रचने की है।



