मुंबई में आफत की बारिश ने कहर बरपाया है। मूसलाधार बारिश से हुए अलग-अलग हादसों में यहां 25 लोगों की मौत हो गई। भारी बारिश की वजह से चेंबूर इलाके में लैंडस्लाइड के बाद एक दीवार गिर गई। इस हादसे में 17 लोगों की मौत हो गई। मौके पर नैशनल डिजास्टर रिसपॉन्स फोर्स (एनडीआरएफ) के साथ ही राहतकर्मी जुटे हुए हैं। विक्रोली इलाके में मकान गिरने से 7 लोगों की मौत हो गई, वहीं भांडुप में दीवार गिरने से एक ने जान गंवाई है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख के मुआवजे का ऐलान किया है।
चेंबूर में भूस्खलन, 17 की मौत, रेस्क्यू जारी
मुंबई में मॉनसून की बारिश आफत लेकर आई है। चेंबूर के भरतनगर इलाके में मूसलाधार बारिश के बाद लैंडस्लाइड हो गई। इससे एक दीवार गिर गई। जिसकी चपेट में आकर 17 लोगों की मौत हो गई। मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने की कोशिश की जा रही है। एनडीआरएफ के साथ ही राहत और बचाव कार्य में स्थानीय प्रशासन के लोग जुटे हैं। ग्रेटर मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन का कहना है कि चेंबूर में दीवार गिरने से हुए हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है। वहीं दो घायलों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई है।


