उत्तर प्रदेश की भदोही जनपद पुलिस बड़े-बड़े अपराधियों को पकड़ने में भले ही महारत रखती हो लेकिन भाजपाई के गिरेबां तक तेज-तर्रार पुलिस नहीं पहुंच पाई। लाॅकडाऊन में भी खुलेआमं वह ईंद मनाकर ओझल हो गया. फिलहाल डुगडुगी बजवाकर मुनादी के साथ नोटिस चस्पा की गई है।
गौरतलब है कि भदोही जनपद में भाजपा का पदाधिकारी होने के कारण मुख्य आरोपी लगातार परदे के पीछे बैठे कुछ आकाओं के संरक्षण में पुलिस से बचता रहा. एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कोरोना योद्धा पर हमला के आरोपितों की गिरफ्तारी में नाकाम पुलिस द्वारा शनिवार को हमलावरों के घर नोटिस चस्पा कराई गई, जहां साथ ही डुगडुगी पिटवाई गई। चेताया गया कि समय रहते यदि समर्पण नहीं करते हैं तो कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को लेकर मोहल्ले में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। कजियाना मोहल्ले में सीवर सफाई के दौरान ३ मई को पालिका के सफाई नायक सहित अन्य कर्मचारियों पर जानलेवा हमला कर दिया गया था। मामले में पालिका के सफाई नायक साजिद खां की तहरीर पर भाजपा नेता जावेद कुरैशी, निहाल कुरैशी, अखतर कुरैशी सहित छह के खिलाफ संगीन धाराओं में भदोही कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई बार दबीश दी लेकिन वह पकड़ में नहीं आ सके। भाजपा द्वारा अल्पसंख्यक मोर्चा के महामंत्री जावेद को पद से मुक्त भी कर दिया गया। ईद के दिन वह बाजार में बेधड़क होकर टहलते देखा गया था, उससे कोतवाली के पुलिस कर्मी मिले भी थे। इसके बाद भी पुलिस उसकी गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। नाकामा पुलिस ने आरोपितों के घर कुर्क करने की नोटिस चस्पा किया है। प्रभारी निरीक्षक श्रीकांत राय ने बताया कि आरोपितों घर नोटिस चस्पा कराया गया है। वह समर्पण नहीं होते हैं तो संपत्ति की कुर्की की जाएगी।



