उत्तर प्रदेश के पुर्वांचल पर कोरोना संकट मंडरा चुका है, जहां वाराणसी, आजमगढ़, मिर्जापुर, भदोही जैसे अधिकांश जिले के निवासी संक्रमितों की जांच रिपोर्ट के बाद भौचक्के हैं। इसी क्रम में सर्वाधिक ‘हाॅट स्पॉट’ जौनपुर साबित हो रहा है। जौनपुर में एक ही परिवार के चार लोगों और दो सगे भाई सहित 43 प्रवासियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसमें सबसे ज्यादा छह मरीज केराकत ब्लाक के हैं। जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने पुष्टि कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक डीएम ने बताया कि सभी को मीरपुुर में बनाए गए एल-1 श्रेणी के अस्पताल में आइसोलेट कर दिया गया है। ये सभी देश के विभिन्न महानगरों से आए प्रवासी हैं। इसमे जनपद के मड़ियाहूं ब्लॉक के दो, मुंगराबादशाहपुर, करंजाकला, बदलापुर क्रमश: एक-एक, जलालपुर छह, शाहगंज ब्लाक के गांव दो, केराकत पांच, मछलीशहर दो और जिला अस्पताल में आइसोलेट किये गये 8 संदिग्ध शामिल हैं। सभी संदिग्धों के सैंपल 15 मई जांच के लिए बीएचयू लैब में जांच के लिए भेजे गये थे। अब जौनपुर में कोरोना संक्रमितों की संख्या 92 हो गई है, जिसमें से दो की मौत और ग्यारह व्यक्ति ठीक होकर घर जा चुके हैं। फिलहाल सेंचुरी की दहलीज पर जौनपुर जिला खड़ा है।

