यूं तो फूलपुर की ‘फुलवारी’ बड़ी मशक्कत के बाद हवाई जहाज से उड़ान भरने को तैयार हुई, अहमदाबाद लाॅकडाऊन में फंसे प्रेमी ने टिकट भी निकाल दिया. फिर भी कमबख्त सिक्युरिटी वालों ने हवाई अड्डे पर ही मामला उलझा दिया. आखिरकार मिलन का मंसूबा फेल हो गया. यह किसी फिल्म की कहानी नहीं बल्कि हकीकत है. पढ़िए…
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक लॉकडाउन में अहमदाबाद में फंसे अपने प्रेमी से मिलने के लिए प्रेमिका अपने घर वालों की चोरी से सोमवार को बाबतपुर एयरपोर्ट पर पहुंच गई। वह हवाई जहाज से अहमदाबाद जाने वाली थी कि एयरपोर्ट पर शक होने पर सुरक्षा कर्मियों ने उसे रोक लिया। वे बार-बार अहमदाबाद जाने की जिद करती रही लेकिन सुरक्षा कर्मी परिवार वालों से बिना बात किए उसे छोडऩे को तैयार नहीं थे। इस दौरान सुरक्षा कर्मियों को उसके विरोध का भी सामना करना पड़ा। फूलपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 20 वर्षीय युवती और उसके रिश्तेदारी युवक आपस में प्रेम करते हैं। प्रेमी अहमदाबाद की एक कंपनी में काम करता है जो लॉकडाउन के चलते उससे मिल नहीं पा रहा था। प्यार परवान चढऩे के साथ दोनों एक-दूसरे से मिलने को बेताब हो गए। प्रेमी ने प्रेमिका के नाम से वाराणसी से अहमदाबाद के लिए हवाई जहाज का टिकट बुक करा दिया। प्रेमिका एयरपोर्ट के मुख्य टर्मिनल भवन में प्रवेश की तो उसके पास टिकट और आइडी के अलावा कोई सामान नहीं था। पूछने पर युवती सुरक्षा कर्मियों को बरगलाने लगी। युवती से घरवालों का मोबाइल नंबर पूछा तो उसने नहीं बताया। सुरक्षा कर्मियों ने बाबतपुर चौकी प्रभारी अरविंद यादव को सूचना दी और वे पहुंचकर युवती से पूछताछ करने लगे। चौकी प्रभारी ने परिजनों को सूचना देने के साथ युवती को चौकी पर ले आए। पहुंची युवती की बहन उसे लेकर घर चली गई।



