गुजरात के प्रधान सचिव स्वास्थ्य, जयंती रवि ने बताया कि अमदाबाद में सर्वाधिक 128 मामले सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि सूरत में 68, वडोदरा और महीसागर में नौ-नौ, अरावली में पांच, छोटा उदयपुर में चार, आणंद तथा बोटाद में दो-दो और राजकोट तथा बनासकांठा में एक-एक मामला सामने आया है। बुधवार को 35 रोगियों को छुट्टी दी गई। राज्य में ठीक हो चुके लोगों की संख्या 179 हो गई है। बुधवार को आए मामलों के बाद गुजरात देश का दूसरा राज्य बन गया है, जहां महाराष्ट्र के बाद सबसे ज्यादा कोरोना मामले सामने आए हैं जबकि पहले गुजरात छठे नंबर पर था।
एक मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक बीते एक हफ्ते में राज्य में कोरोना के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। अप्रैल 15 को जहां राज्य में 766 मामले थे, वह 22 तारीख को 2,407 तक पहुंच गए। इतना ही नहीं राज्य में कोरोना संक्रमित लोगों की मृत्युदर भी इस दौरान ज्यादा बढ़ी है। 15 अप्रैल को राज्य में 36 लोगों की मौत हुई थी। 22 अप्रैल को यह आंकड़ा 103 तक जा पहुंचा। 15 अप्रैल से 22 अप्रैल के दरम्यान जहां राज्य में तीन गुना मामले बढ़े, वहीं इसी दर से राज्य में मौतों की संख्या भी बढ़ी।
महाराष्ट्र के पास गुजरात – देश की सूची में कोरोना संक्रमितों के मामले में नंबर 1 पर महाराष्ट्र में बुधवार को कोविड-19 संक्रमण के 431 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 5,649 पर पहुंच गया, वहीं 18 लोगों की मौत हुई। राज्य में कोरोना वायरस से अब तक 269 लोगों की मौत हो चुकी है। कोविड-19 से ठीक होने के बाद 67 लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है, जिसके बाद स्वस्थ होनेवाले लोगों की संख्या 789 तक पहुंच गई है। राज्य में संक्रमण के 4,591 सक्रिय मामले हैं और अब तक 90,223 नमूनों की जांच हो चुकी है। मुंबई में अब तक 3,683 मामले आए हैं और 161 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में संक्रमण की अधिकतावाले 465 क्षेत्र हैं।



