मुंबई (सं. भा.) मानसून में मुंबईकरों को तकलीफ ना हो इसको लेकर कल मनपा मुख्यालय पर बैठक हुई, बैठक में मानसून पूर्व कार्यो को लेकर मंथन किया गया. मानसून से पहले नाला सफाई पूरी करने वाली बीएमसी अभी तक ५६ फीसदी नालों की सफाई पूरी नहीं कर सकी है मानसून आने में अब कुछ ही दिन शेष बचे हैं, नाला सफाई को लेकर मनपा आयुक्त अजोय मेहता ने शनिवार को बीएमसी अधिकारियों की बैठक बुलाकर सफाई के संदर्भ में विस्तृत जानकारी ली। आयुक्त ने आगामी मानसून को देखते हुए बीएमसी के अंतर्गत आने वाली नदियों बड़े और छोटे नालों सड़क किनारे की नालियों की सफाई का जायजा लिया।
बैठक के अधिकारियों ने बताया की अभी तक ४४ फीसदी बड़े नालों, मीठी नदी की सफाई की सफाई पूरी हो चुकी हैं। आयुक्त ने बरसात के समय पानी जमा होने वाले स्थानों पर पानी जमा होने का समय कम करने, पानी को बाहर निकालने की तयारी, कर्मचारियों की योजना, मे होल को ढकने आदि के बारे में चर्चा की।
३० अप्रैल तक बड़े नालों की स्थिति
बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी की ३० अप्रैल तक २१.३५ किमी लंबी मीठी नदी से बरसात से पूर्व 90426 टन कीचड़ निकालना है। अब तक 44946 टन कीचड़ निकाला जा चुका है। शहर के बड़े नालों जिसकी लंबाई २०. ९ किमी है उसमें से 28124 टन कीचड़ निकालना बाकी है लेकिन अभी तक 11536 टन कीचड़ निकाला गया है। पूर्व उपनगरों के नालों से 80947 टन कीचड़ निकाला जाना है, उसमें से 41783 टन कीचड़ निकाला गया है। पश्चिम उपनगर के बड़े नालों से 135265 टन कीचड़ निकाला जाना है लेकिन 50399 टन कीचड़ निकाला गया. कुल २७६.०२ किमी में से 334762 कीचड़ निकालना है, जबकि 148664 टन कीचड़ निकाला गया.
छोटे नालों की 20 % सफाई
मुंबई शहर के 40. 73 किमी छोटे नालों में से बरसात से पहले ११२०८. ४ टन कीचड़ निकाला जाना था लेकिन उसमें से २०६० टन कीचड़ निकाला गया. पूर्व उपनगरों से २१६.०५ किमी लंबे नाले से ७०४५०.८ टन कीचड़ निकालना है, उसमें से १३६८६ टन कीचड़ निकाला गया है और पश्चिम उपनगर में १८१. ३२ किमी लंबे नाले से १२४५२६.५ टन कीचड़ निकालना है, उसमें से 26179 कीचड़ निकाला गया। कुल 438 . 09 किमी लंबे नाले से 206185 .7 कीचड़ निकालना था, उसमें से 41925 टन टन कीचड़ निकाला गया.
सफाई की गति धीमी
एक दिन पूर्व हो सफाई का जायजा लेने पहुंचे भाजपा मुंबई अध्यक्ष आशीष शेलार ने प्रशासन की सफाई की पोल खोलते हुए कहा की बरसात से पहले जितना नाला सफाई की जानी थी प्रशासन की लापरवाही से नहीं हो सकी है सफाई की गति बहुत धीमी है।
दूसरी एजेंसियों से समन्वय का निर्देश
आयुक्त ने बैठक में एमएमआरडीए के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिये। एमएमआरडीए, मुंबई मेट्रो आदि के कार्यों के समय निकलने वाले कीचड़ आदि को नष्ट करने का कार्य उचित तरिके से हो रहा है कि नहीं इस पर भी ध्यान रखने का निर्देश सहायक आयुक्तों को दिया है। इसके अलावा बीएमसी २४ विभागों की खतरनाक इमारतों की जानकारी लेकर उचित कार्यवाई करने का निर्देश आयुक्त ने दिया। बैठक में अतिरिक्त आयुक्त (शहर) आबा साहेब जरहाड, अतिरिक्त आयुक्त (परियोजना ) प्रवीण दराडे, अतिरिक्त आयुक्त (पश्चिम उपनगर) डॉ. अश्विनी जोशी, उपायुक्त रमेश और अन्य लोग उपस्थित थे.


