सर्दी के मौसम में तापमान में गिरावट के कारण दिल के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है। हृदय गति यानी ‘हार्ट रेट’ का अचानक बढ़ना या घटना, दिल के अस्वस्थ होने का संकेत है। सर्दी में ठंड लग जाने के कारण, पुराने हृदय रोग की वजह से या फिर उम्रदराज लोगों में हार्ट रेट बढ़ने के मामले बढ़ जाते हैं। ऐसे में अगर आप अपनी जीवनशैली में थोड़ा बहुत बदलाव करके सावधानी नहीं बरतते हैं, तो हार्ट रेट से जुड़ी समस्या आपके लिए खतरनाक हो सकती है।
यह है सामान्य हृदय गति – एक वयस्क व्यक्ति के हृदय की गति आमतौर पर 60 से 100 बीट्स तक होती है। सामान्य हृदय गति कई बातों पर निर्भर करती है इसलिए अगर आपका हार्ट रेट सामान्य से थोड़ा बहुत घटता-बढ़ता है, तो घबराएं नहीं। चक्कर आने, सिर दर्द, छाती में दर्द, जबड़ों में खिंचाव या दर्द, आंखों से धुंधला दिखने जैसी स्थितियों में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। अगर आप अपना हार्ट रेट जांचना चाहते हैं तो रात को सोते समय बिस्तर पर आराम की अवस्था में अपने दिल की धड़कन की गिनती करें।
सही और पर्याप्त नींद लें – नींद की कमी से चिंता, तनाव और स्लीपिंग डिसऑर्डर जैसी समस्याएं होती हैं, जिससे दिल की सेहत पर बहुत बुरा प्रभाव पड़ता है इसलिए चिंता और तनाव छोड़ें, ताकि आपको गहरी नींद आए। रोज सोने और जागने का एक निश्चित समय तय करें और 6-8 घंटे की नींद जरूर लें। हमेशा हंसने और मुस्कुराने की आदत डालें। कई शोधों से पता चला है कि अगर रोज 15 मिनट हंसा जाए तो इससे शरीर में रक्त का प्रवाह 22 प्रतिशत तक बढ़ जाता है।



