उत्तर प्रदेश के भदोही जनपद ही नहीं बल्कि वर्षों से दूर-दराज राज्यों में ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्रा गौसेवा को लेकर सदैव चर्चित रहें हैं। दूध-दही का तो पता नहीं लेकिन इनके निवास स्थान पर पहुंचने वाले अधिकांश क्षेत्रवासी स्पेशल मट्ठा का स्वाद वर्षों से चखते रहें हैं। खैर..गौसेवा के जुनून से ही एक बार फिर विधायक सुर्खियों में हैं।
गौरतलब है कि भदोही जनपद के ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र की पहल पर धनापुर में बनी अस्थायी गौशाला में 40 इजराइली गायों की सेवा की जा रही है, जिनकी सेवा का आनंद वे खुद उठा रहे हैं। फिलहाल विभिन्न तरह की बीमारी से इन गायों को बचाये रखने की जुगत भी किसी चैलेंज से कम नहीं है। ऐसे में अब इन गायों की सेहत का ध्यान एयरप्रूफ रबर के गद्दे रखेंगे। गायें जमीन की बजाए स्पेशल आर्डर देकर दिल्ली से मंगाए हुये इन गद्दों पर ही रहेंगी। दो-तीन दिनों से गौशाला आने-जाने वालों के लिए एयरप्रूफ गद्दे आकर्षण का केंद्र बने हुये हैं।
क्या कहते हैं विधायक – गौसेवा के साथ इन दिनों महायज्ञ में लीन विधायक विजय मिश्रा बताते हैं कि गायों से मिलने वाले दूध, घी आदि का उपयोग विशेष रूप से धर्म-कर्म में किया जा रहा है। अभी हमारे आवास धनापुर में बनी अस्थायी गौशाला में गायों की सेवा की जा रही है, लेकिन वहिदानगर पावर हाउस के सामने नवधन गांव में इन गायों के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त गौशाला बनाई जा रही है। अत्याधुनिक गौशाला में गायों के लिए स्वीमिंग पुल आदि का निर्माण भी शुरू हो चुका है। आगे विधायक कहते हैं कि वह स्वयं गायों की सुख-सुविधा को ध्यान में रखकर संरक्षण दे रहे हैं। एयरप्रूफ गद्दे इन गायों के लिए जरूरी हैं ताकि उन्हें खुरपका जैसी बीमारी न हो।
पिछली खबर 👉भदोही के ‘ओझापुर’ का साढ़े ६ लाख खर्च से, उतरेगा पेयजल संकट का भूत, महायज्ञ में बैठे विधायक ने दी यह योजना…


