उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की छवि को ठेस पहुंचाने में नये-नवेले भाजपाई विधायकों की अहम् भूमिका नजर आ रही है। सत्तादंश से पीड़ित जनमानस आखिरकार कहां गुहार लगायें कि न्याय मिले यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। नये मामले में गोरखपुर के रूस्तम पुर निवासी एनडी सिंह और विधायक विपिन सिंह पड़ोसी हैं। एनडी सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पांच जनवरी को उनकी गैरमौजूदगी में चालक धीरू सिंह घर के सामने नाली का स्लैब बनवा रहा था, उसी वक्त विधायक विपिन सिंह गाड़ी से पहुंचे और चालक धीरू की पिटाई शुरू कर दी। चालक ने वजह जाननी चाही तो विधायक ने कहा कि अपने मालिक से कह देना कि बगल में रहना है तो मेरे हिसाब से रहना होगा। अगले दिन उन्होंने विधायक से इस बारे में बातचीत करनी चाही तो विधायक ने उनके साथ भी अपमानजनक व्यवहार करते हुए धमकी दी।
यह भी पढ़िये 👉मातृभूमि मंथन (०५) – मेरा ५ करोड़ आ गया, विकास कार्य हो गया..ठेकेदार पता नहीं.!
मुख्यमंत्री से न्याय की मांग – सेवानिवृत्त कस्टम अधीक्षक के ड्राइवर को पीटने के मामले में गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के विधायक विपिन सिंह के खिलाफ पुलिस ने जहां जांच शुरू कर दी है, वहीं कस्टम अधीक्षक ने कैंट थाने में तहरीर देने के साथ मुख्यमंत्री के पोर्टल पर भी आनलाइन शिकायत की है। इस घटना से आहत एनडी सिंह ने मंगलवार को एसएसपी, सीओ को ईमेल के जरिए और मुख्यमंत्री पोर्टल पर आनलाइन शिकायत की। उन्होंने मारपीट की वीडियो फुटेज भी उपलब्ध कराई है। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कैंट पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर फुटेज देखकर कार्रवाई की जाएगी।


